बागेश्वर। नगर के जीतनगर इलाके में स्कूल से कमरे को लौट रहे एक छात्र पर बंदर ने अचानक हमला कर लहूलुहान कर दिया। आस-पास के लोगों ने तुरंत बंदर को भगाकर छात्र की जान बचाई और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। छात्र अनुज कुमार (13) जीतनगर में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई करता है। बृहस्पतिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपने कमरे की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे एक बंदर ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। बंदर ने छात्र के सिर को बुरी तरह नोच डाला जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं चीखने लगा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. सुधा जोशी ने बताया कि बंदर के हमले से छात्र के सिर में दो-तीन गहरे निशान आए हैं। घायल छात्र का प्राथमिक उपचार करने और एंटी रैबीज वैक्सीन लगाने के बाद उसे घर भेज दिया गया है। स्थानीय निवासियों ने नगर क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती धमक पर आक्रोश जताते हुए वन विभाग से सुध लेने की मांग की है।