अल्मोड़ा। उत्तराखंड जड़ीबूटी शोध और विकास संस्थान के विशेष अभियान के तहत कुमाऊं मंडल के सरकारी स्कूलों, ब्लाक मुख्यालयों, अस्पतालों और अन्य सरकारी दफ्तरों के परिसरों में इस बार 3.50 लाख पौधों का रोपण होना है। तेजपात, बड़ी इलायची, सतावर, रोजमेरी और आंवला के पौधों को रोपने का लक्ष्य रखा गया है। संस्थान के निदेशक हयात राम आर्या ने अल्मोड़ा में भेषज विकास इकाई की बैठक में बताया कि दफ्तरों के बाहर या स्कूल परिसरों में पौधे लगाने से सुरक्षा के लिए अलग से तारबाड़ करने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है। यह अभियान 15 सितंबर तक चलेगा। निदेशक ने बताया कि पौधों की खरीद संस्थान खुद करेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप कृषकों की चयनित नाप जमीन और नदियों के किनारे तेजपात का कृषिकरण किया जा रहा है। कई इलाकों में कल्मी आंवला के पौधे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कृषक गोष्ठियों में भी जड़ीबूटी से संबंधित साहित्य बांटने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. बीपी भट्ट ने संस्थान की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। बैठक में भेषज इकाई के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।