चौखुटिया/बागेश्वर। चोरों ने ग्राम पंचायत मासी में एक मकान का ताला तोड़कर वहां से तमाम सामान पार कर लिया है। भवन स्वामी जगदीश रैना दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं। उधर चोरों ने बुधवार रात मासी के प्रसिद्ध भूमियां मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे विशाल घंटे को चुरा लिया। मंदिर समिति के गोपाल मासीवाल ने बताया कि चोरी गए घंटे का वजन करीब 35 किलोग्राम था। मासी क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक महेश तिवारी ने बताया कि दोनों मामलों में अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। उधर, बागेश्वर के तुकेड़ गांव स्थित कालिका मंदिर से विगत रात्रि आठ घंटियां चोरी चली गई। ग्राम प्रधान देवकी देवी ने बताया कि अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में लगी घंटियों को उतार लिया। पूर्व में भी इस मंदिर में कुछ घंटिया चोरी चली गई थी। ग्राम प्रधान ने इस मामले की सूचना राजस्व पुलिस को दे दी है।