अल्मोड़ा। द्वाराहाट विकासखंड के च्याली गांव में बंदर के हमले से 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। गांव निवासी रमोती देवी घर के आंगन में बैठी थीं। इसी दौरान पड़ोसी उनके लिए पितृ श्राद्ध की पूरी लेकर पहुंचा। वहां पेड़ पर बैठे बंदर ने पूरी छीनने के लिए महिला पर हमला कर दिया और उन्हें नाखूनों से घायल कर दिया। परिजनों ने उन्हें बग्वालीपोखर में चिकित्सक को दिखाया जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। परिजनों के अनुसार घटना बीते दिनों की है। महिला के बेटे जगदीश भंडारी ने बताया कि पिछले वर्ष भी बंदर ने उनकी मां पर हमला किया था। उन्होंने क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बंदरों के कारण ग्रामीणों में भय बना हुआ है और घरों में भी लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। संवाद