अल्मोड़ा। हवालबाग ब्लॉक के तल्ला तिखून के पट्टी पटवारी क्षेत्र डोबा और सैंज क्षेत्र के लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि 2010 की आपदा में जूनियर हाइस्कूल जूड़ कफून का भवन टूट गया था। भवन में थोड़ा बहुत ठीक करने के बाद अब आगे का कार्य बजट के अभाव में ठप है। जीआईसी रैंगल में पेयजल व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। पेयजल लाइन जगह-जगह से लीक करती है और स्कूल के हॉल के अंदर लाइन का पानी आने से खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि चौंसली से डोबा मोटर मार्ग का पुल निर्माण भी निश्चित समय में पूरा नहीं हो पाया है। 2008 से निर्माणाधीन पुल का कार्य बजट की कमी से रोक दिया गया है। उन्होंने पूर्व जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 29 जुलाई को डोबा में बहुउद्देशीय शिविर अभी तक नहीं लगाने पर भी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ईवा आशीष ने समस्याओं का निराकरण का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में प्रधान खूंट ललित पंत, विनय किरौला, गोपाल गुरुरानी शामिल थे।