द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पहाड़ के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योगदा सत्संग शाखा आश्रम द्वाराहाट में तीन दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। पहले दिन चिकित्सकों ने द्वाराहाट और सुरईखेत में कुल 648 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवा बांटी। स्वास्थ्य शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 40 से अधिक चिकित्सक, विशेषज्ञ और छह पैरामेडिकल कर्मी सेवाएं दे रहे हैं। योगदा सत्संग सोसायटी ऑफ इंडिया के स्वामी पवित्रानंद गिरि ने बताया कि यहां हृदय, नेत्र, स्त्री, शिशु, अस्थि, ईएनटी रोगों के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। शिविर में मरीजों को पैथोलॉजी जांच और दवाओं की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध है। इसके साथ ही सुरईखेत में आयोजित सैटेलाइट शिविर में 114 लोगों का परीक्षण किया गया। बताया कि 25 अक्तूबर को ग्राम पंचायत खोलियिबांज में भी शिविर लगेगा।