अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लॉक के अंतर्गत दुबरौली-ध्यूलीधौनी सड़क का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष है। करीब एक साल पहले निविदा होने के बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं हुआ है। गांव के प्रधान देवेंद्र अधिकारी ने इस संबंध में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन मेें कहा गया है कि अक्तूबर 2016 में सड़क निर्माण के लिए निविदा विभाग ने आमंत्रित कर ली थी। पर साल होने को है ठेकेदार ने सड़क का काम शुरू नहीं किया है और न ही विभाग द्वारा संबंधित ठेकेदार की निविदा ही निरस्त की है। उन्होंने एसई से टेंडर निरस्त कर पुन: नया टेंडर कराने की मांग करते हुए न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी दी है। प्रधान देवेंद्र अधिकारी ने इस संबंध में तहसील दिवस में भी शिकायत दर्ज कराई है।