अल्मोड़ा। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की तरफ से एक लाख रुपये बैंक गारंटी मांगने का विरोध कर रहे आधार केंद्र संचालकों ने बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण जिले के सभी 28 आधार केंद्र बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। सोसायटी के जिलाध्यक्ष हरीश चंद्र ध्यानी ने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर दिल्ली की ओर से आधार केंद्र संचालकों से एक लाख रुपये की बैंक गारंटी मांगी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्रिम बैंक गारंटी अनुचित पेनाल्टी है और केंद्र संचालकों पर जबरन थोपी जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से बैंक गारंटी हटाने की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी आधार कार्ड केंद्र बंद रहेंगे। इधर आधार केंद्र बंद होने से आम लोगों को काफी परेशानी हुई। खासकर ग्रामीण इलाकों में आधार कार्ड बनवाने पहुंच रहे लोगों को बैरंग वापस जाना पड़ा।