अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को लमगड़ा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय टकोली ढेली में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। क्षेत्र पंचायत प्रमुख त्रिलोक रावत की उपस्थिति में आयोजित शिविर में 415 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने इनका मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, विभिन्न प्रमाणपत्रों और विभागीय सेवाओं के लिए 304 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने और आधार कार्ड संबंधी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। परियोजना निदेशक केएन तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख हरीश बिष्ट, उपजिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा आदि रहे। संवाद