भिकियासैंण/अल्मोड़ा। भिकियासैंण ब्लॉक के अंतर्गत धमेड़ा, शिलंग, महरखोला गांवों में जल संस्थान द्वारा पानी खोलने, बंद करने के लिए मानदेय पर रखे गए कर्मी की तैनाती को लेकर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। क्षेत्र के ग्राम प्रधानों गोविंद सिंह, कमला देवी आदि का आरोप है कि पूर्व में पानी खोलने और बंद करने का कार्य धमेड़ा निवासी त्रिलोक सिंह करता था। उसके द्वारा यह कार्य छोड़ देने के बाद जनवरी 2017 से ग्राम प्रधानों ने आपसी सहमति से राम सिंह नामक व्यक्ति को रखने की संस्तुति कर दी। इस व्यक्ति ने मानदेय के भुगतान की मांग की तो जल संस्थान के अधिकारियों ने भुगतान करने से मना कर दिया। पता चला है कि जल संस्थान द्वारा मानदेय का भुगतान किशन सिंह नामक व्यक्ति को किया जा रहा है। ग्राम प्रधानों ने इस मामले की जांच की मांग की है। दूसरी तरफ जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ठाकुर सिंह ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि विभाग ने राम सिंह नामक व्यक्ति को नहीं रखा है। किशन सिंह को ही मानदेय पर रखा गया है।