अल्मोड़ा। रोडवेज की सेवा से बर्खास्त दोनों परिचालकों को हाईकोर्ट के आदेश पर उत्तराखंड परिवहन निगम के अल्मोड़ा डिपो में बहाल कर दिया गया है। परिचालकों ने रोडवेज की बसों में वरिष्ठ नागरिक, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक के यात्रा का विवरण टिकट मशीन में गलत दर्शा दिया था। इस मामले में निगम ने प्रदेश में कई परिचालकों समेत अल्मोड़ा डिपो के परिचालक संतोष कुमार, रमेश राम को सेवा से हटा दिया था। बर्खास्त किए गए परिचालकों ने हाईकोर्ट नैनीताल में रिट याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद न्यायालय ने बर्खास्त किए गए परिचालकों को सेवा में लेने के आदेश दिए। इसके अनुपालन में निगम मुख्यालय देहरादून ने बर्खास्त किए गए परिचालकों की सेवा बहाल कर दी है। परिवहन निगम डिपो अल्मोड़ा के वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी केडी सनवाल के बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद दोनों परिचालकों ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है।