अल्मोड़ा। भनोली तहसील के ग्राम पंचायत बसौली में पिछले दस दिन से बिजली गुल है। ग्रामीणों ने इस संबंध में ऊर्जा निगम को अवगत करा दिया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बसौली गांव में लगा ट्रांसफार्मर पूर्व में फूंक चुका था। निगम ने दूसरे स्थान से गांव में बिजली आपूर्ति की थी, लेकिन पिछले दस दिन से बिजली न होने से गांव रात्रि में अंधेरे में डूबा है जबकि आजकल शादी का सीजन भी चल रहा है। गांव में अधिकतर गरीब परिवार के लोग रहते हैं। सस्ते गल्ले की दुकान से केरोसिन भी नहीं मिल रहा है। इससे ग्रामीणों की परेशानी, बढ़ गई है। ग्रामीण मोबाइल भी चार्ज नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्राम प्रधान बसौली मदन सिंह भैसोड़ा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो निगम के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।