तेरह हजार की नकदी देख कर भी नहीं डोला मन
अल्मोड़ा। बीए प्रथम वर्ष के एक छात्र ने 13,700 रुपये से भरा पर्स लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है।
छावनी परिषद के वन रक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट का पर्स खो गया था। पर्स में 13,700 रुपये नकद, एटीएम, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि सामग्री थी। रानीखेत के कालनु निवासी मनोज कुमार पुत्र नंद राम को पर्स सात जून को अल्मोड़ा करबला बाइपास पर पड़ा मिला। मनोज कुमार ने पर्स में अंकित फोन नंबर पर सूचना दी। यह नबंर अधिवक्ता डीडी तिवारी निकला। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को फोन पर सूचना दी। रविवार को मनोज कुमार ने 13,700 रुपये नकदी और कागजातों से भरा पर्स वन रक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट को लौटा दिया है। मनोज कुमार एमबीपीजी कालेज हल्द्वानी में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है।