अल्मोड़ा। प्रदेश में गांवों के विकास के दावे हो रहे हैं। लेकिन अल्मोड़ा के माल गांव में यह दावे बेअसर साबित हुए हैं। यहां लगीं 35 में से 20 खराब सोलर स्ट्रीट लाइट इसकी तस्दीक कर रही हैं।
माल गांव में ग्राम पंचायत निधि, विधायक निधि, सांसद निधि और क्षेत्र पंचायत निधि के तहत 35 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गईं हैं। लेकिन महज 15 लाइट ही ग्रामीणों का साथ दे रही हैं। 20 लाइट लंबे समय से खराब हैं, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। कई बार सुधारीकण की मांग के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन ग्रामीणों को अंधेरी गलियों में आवाजाही करनी पड़ रही है। प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कुछ लाइटें काफी पुरानी हैं, जो रोशनी नहीं देती और कुछ लंबे समय से बैटरी की समस्या से जूझ रही हैं। लाइटों के न जलने से अंधेरे में रास्तों पर चलना भी मुश्किल हो गया है।
सोलर स्ट्रीट लाइटों में चार से पांच साल की वारंटी मिलती है, जिन्हें शिकायत मिलने पर बदला जाता है। शिकायत मिलते ही इन्हें बदला जाएगा।
मनोज बजेठा, जिला परियोजना अधिकारी, उरेडा, अल्मोड़ा