फैक्ट्री में पहुंचे शासन के सचिव
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत/अल्मोड़ा। सहकारिता सचिव डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम ने सोमवार को रानीखेत के गनियाद्योली में स्थित कोऑपरेटिव ड्रग फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने सहकारिता सचिव प्रबंधक को फैक्ट्री के आय को बढ़ाने के लिए मार्केटिंग व्यवस्था को सही करने, स्थानीय निजी डॉक्टरों से अनुबंध कर दवाइयों को बेचने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फैक्ट्री में बनने वाले उत्पादों के बारे में जानकारी ली। औषधीय पौधों, जड़ी-बूटियों के प्रयोग, इसके माध्यम से लोगों को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आउटलेट शॉप के माध्यम से भी दवाईयों को बेचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्लांट के आधुनिकीकरण एवं भंडार क्षमता बढ़ाने के नेशनल हेल्थ मिशन भारत सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। इस दौरान उन्होंने भंडार कक्ष, औषधि कक्ष का भी निरीक्षण किया। पशुपालन, डेरी विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालन, मत्स्य विभाग के अधिकारियों को पशुपालन, मत्स्य पालन को बढ़ावा देने को कहा। इस दौरान अपर निदेशक पशुपालन डॉ. पीसी कांडपाल, डीआर कोऑपरेटिव कुमाऊं एमपी त्रिपाठी, सीवीओ डॉ. राजीव चंद्रा, परियोजना प्रबंधक कोऑपरेटिव जीएस पंवार, प्रभारी प्रबंधक एसएस अली, सहायक निदेशक मत्स्य रितेश चंद्र आदि थे।
सहकारिता सचिव ने किया गनियाद्योली में कोऑपरेटिव ड्रग फैक्ट्री का निरीक्षण
निजी डॉक्टरों से अनुबंध कर दवाइयां बेचने के निर्देश दिए