अल्मोड़ा। उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग की बैठक में वक्ताओं ने शासनादेश के बाद भी पूर्व सैनिकों का भवन कर माफ न करने पर नाराजगी जताई। कचहरी बाजार स्थित लीग कार्यालय के जनरल स्व. बीसी जोशी सभागार में हुई इस बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्व सैनिकों का नगर पालिका के भवन कर को माफ करने संबंधी शासनादेश जारी किया था। इसके बाद भी पूर्व सैनिकों का भवन कर माफ नहीं किया गया है। बैठक में बताया गया कि नौ अगस्त से सीएसडी कैंटीन से सामान लेने पर पूर्व सैनिकों को कैंटीन स्मार्ट कार्ड तथा स्टेशन हेडक्वार्टर रानीखेत का स्टेशन आर्डर दिखाना होगा। बताया गया कि कुछ सैनिकों के नए कैंटीन स्मार्ट कार्ड बनकर कैंटीन में आ चुके हैं। पूर्व सैनिक कैंटीन से स्मार्ट कार्ड शीघ्र प्राप्त कर लें। बैठक की अध्यक्षता लीग के अध्यक्ष दीपक कुमार टम्टा तथा संचालन सचिव सुरेंद्र लाल टम्टा ने किया। बैठक में उपसचिव पूरन सिंह ऐरी, नंदन सिंह कनवाल, जेएन वर्मा, हरीश चंद्र, आनंद सिंह बिष्ट, जेजेएस बिष्ट आदि मौजूद थे।