अल्मोड़ा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ताकुला ब्लॉक के पंचायत घर अमखोली में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) बैंक लिंकेज कैंप का आयोजन किया गया। इसमें एसएचजी के बैंक संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया। समूहों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। मनरेगा योजना के माध्यम, बैंक ऋण के माध्यम से स्वरोजगार बढ़ाने के उपाय बताए। लीड बैंक अधिकारी जगदीश कुमार ने नाबार्ड, भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों की समूहों को जानकारी दी। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के दीवान सिंह कनवाल ने 16 महिला समूहों की आठ लाख रुपये, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक बसोली ने पांच महिला समूहों की 2.50 लाख रुपये का लोन दिया। परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण नरेश कुमार ने बताया कि कैंप में 21 महिला एसएचजी के 60 से अधिक सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बीडीओ मोहन सिंह बिष्ट ने संचालन किया। इस दौरान जिला प्रबंधक एनआरएलएम वीर सिंह, बीएलओ राजेंद्र प्रसाद, ओयस मो. मौजूद थे।