अल्मोड़ा। जिलाधिकारी ईवा आशीष के निर्देश पर बुधवार को पालिका की टीम ने नगर के विभिन्न स्थानों में अवैध रूप से लगी होर्डिंग्स, फ्लैक्सी को हटाने का काम शुरू किया। लिंक रोड जीजीआईसी से लोअर मालरोड बेस अस्पताल तक चले इस अभियान में दर्जनों होर्डिंग्स, फ्लैक्सी को हटाया गया। पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि इस दौरान कर्मचारियों ने जिन जगहों पर विद्युत पोल खराब हालत में थे उनको भी चिन्हित किया। इसके अलावा पालिका कर्मचारियों की एक टीम ने नगर के बल्ढौटी जंगल के पास कूड़ा निस्तारण की जगह पर सड़क किनारे टिन लगाने का काम भी शुरू किया। जबकि स्वास्थ्य निरीक्षक की मौजूदगी में धारानौला मार्ग पर जन जागरूकता अभियान के तहत व्यापारियों और आम जनता से कूड़े को मुख्य मार्ग में नहीं डालने को कहा गया। अभियान में पालिका के अवर अभियंता महेंद्र बिष्ट, सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह बिष्ट, तहबाजारी निरीक्षक कमल कुमार पाठक, वन पर्यवेक्षक रूप सिंह, रमेश तिवारी, भूपाल सिंह, रमेश सिंह शामिल थे।