चौखुटिया (अल्मोड़ा)। नशा नहीं रोजगार दो, गैरसैंण स्थायी राजधानी हो नारे के साथ चौखुटिया पहुंची गैरसैंण चलो यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। इस मौके पर क्रांतिवीर चौराहे पर हुई सभा में वक्ताओं ने गैरसैंण को स्थायी राजधनी बनाने की वकालत करने के साथ ही पलायन, नशाखोरी और बेरोजगारी पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने के लिए सार्थक कदम उठाने की मांग की। कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए बगैर पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। कहा कि प्रदेश की जनता राजधानी बनने तक चैन से नहीं बैठेगी। आजादी के सत्तर सालों बाद भी आम जनता के हित से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। सभा को रामकृष्ण तिवारी, पीसी तिवारी, आनंदी वर्मा व प्रकाश जोशी आदि ने संबोधित किया।