अल्मोड़ा। सुहागिन महिलाओं ने पतिव्रत धर्म की शक्ति का परिचायक वट सावित्री व्रत लेकर वट वृक्ष की पूजा कर पति के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वट सावित्री व्रत पर नगर समेत जिले के ग्रामीण इलाकों में सामूहिक पूजा भी की गई। नगर के रघुनाथ मंदिर में पंडित नीरज लोहनी ने वट सावित्री की पूजा कराई। महिलाओं ने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखकर पूजा की। सुनारीनौला में भी सुहागिन महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर पति की लंबी उम्र की कामना की। इधर जिले के दूरस्थ ग्राम पंचायत चौकुना के हरज्यू देवता मंदिर प्रांगण में स्थित वट वृक्ष की सुहागिन महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर पति के दीर्घ जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वट वृक्ष में तीन देवताओं ब्रह्मा, विष्णु, महेश की शक्ति निहित मानी जाती है। व्रत से सावित्री और सत्यवान की कथा भी जुड़ी है। उधर साईं कालोनी में भी महिलाओं ने वट सावित्री पर सामूहिक रूप से पूजा की। जिसमें किरन पंत, पूनम पंत, संगीता भंडारी, दीपा बिष्ट, भारती पांडे, निर्मला रावत, निकिता भट्ट, मीना भैसोड़ा, गीता वर्मा, निर्मला जोशी, मंजू बिष्ट आदि ने भाग लिया।