अल्मोड़ा। ताकुला ब्लॉक के झिझाड़ गांव के सैकड़ों ग्रामीण पिछले तीन दिन से बगैर बिजली के हैं। बिजली नहीं होने के कारण संचार व्यवस्था भी ठप है और ग्रामीणों का कहीं भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी व्यवस्था ठीक नहीं हुई है। गांव के प्रधान मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि तीन दिन पूर्व बारिश के दौरान लाइन कहीं टूट जाने से बिजली अचानक गुल हो गई थी तब से ग्रामीण अंधेरे में रात गुजारने को विवश हैं। बिजली नहीं होने से लोगों के मोबाइल भी स्विच ऑफ हैं और कहीं भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। शाम के समय जंगली जानवरों का भय बना है। उन्होंने बताया कि इस संबध में बिजली विभाग के लाइनमैन और एसडीओ से संपर्क किया गया, लेकिन लाइन ठीक करने कर्मचारी नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों को रात के वक्त काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीच में हुई बीडीसी बैठक में उन्होंने गांव में सिंगल केवल लाइन लगाने की मांग की थी, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इधर अधिशासी अभियंता डीएस पांगती ने बताया कि बिजली नहीं होने की जानकारी उनको ळनिवार को ही मिली लिहाजा कर्मचारियों को वहां भेजा जा रहा है।