अल्मोड़ा। अल्मोड़ा और बागेश्वर के करीब 153 डाकघर और उपडाकघरों के 150 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिए जाने के कारण बीते शनिवार से मुख्य डाकघर और सभी उप डाकघरों में बचत खाते, खाता खुलवाने, स्पीड पोस्ट आदि लेन-देन के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। सोमवार को भी डाकघर खुले रहे, लेकिन अधिकांश कार्य नहीं हो सके। हालांकि डाक वितरण आदि का कार्य चलता रहा। मंगलवार से व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा और बागेश्वर के डाकघर और उपडाकघरों को एक नए सिस्टम में जोड़ा जा रहा है। इसके लिए बंगलूरू से प्रशिक्षण लेकर पहुंचे प्रधान डाकघर के कुछ कर्मचारी यहां के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। सोमवार को भी प्रशिक्षण दिया गया।