अल्मोड़ा। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि महिला विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाली अल्मोड़ा की क्रिकेटर एकता बिष्ट और छोटे पर्दे की अभिनेत्री रूप दुर्गापाल सहित अल्मोड़ा की अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। जोशी ने यहां शिखर के शाही बैंक्वेट हॉल में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने नगर के छात्र-छात्राओं से हाल ही में आईएएस चुनी गई सौम्या गुरुरानी जैसे मेधावियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस दौरान आईएएस चुनी गई सौम्या गुरुरानी ने छात्र-छात्राओं के सवालों के जवाब दिए और आईएएस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की अच्छी तैयारी के लिए उन्हें कई जानकारियां दी। पालिका परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सौंदर्य प्रतियोगिता में राज्य में अव्वल रही रोशनी बिष्ट के साथ ही नगर के सभी इंटर कालेजों में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में टॉप पर रहे तीन-तीन छात्र-छात्राओं को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।