लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर अमांव गांव में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए युगांधर सेवा समिति के युवाओं ने मोर्चा संभाल लिया है। समिति के सदस्य घाटों की साफ-सफाई से लेकर आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं। घाटों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। समिति के सदस्य मिथिलेश कुमार ने कहा कि डाला छठ केवल पर्व नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस अवसर पर व्रती महिलाओं की सेवा करना सौभाग्य की बात है। समिति का प्रयास है कि घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ वातावरण, सुगम रास्ता और पर्याप्त रोशनी की सुविधा मिले। अभिषेक वर्मा ने कहा कि समिति का प्रत्येक सदस्य पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस पुनीत कार्य में लगा है। इस दौरान अरविंद सिंह चौहान, गौरव अनुराग शर्मा, जयसवाल, सुनील यादव, छोटक चौहान, श्याम सुंदर मौजूद रहे।