पूर्वांचल के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उद्योग विभाग के ओर से पांडेयपुर क्षेत्र में एमएसएमई यूथ अड्डा बनाया गया है। इसमें युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल मार्केटिंग, बैंक लोन के लिए डीपीआर तैयार करने तथा फंडिंग के विकल्पों की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाएगी। इस पहल के तहत महीने में कुल चार दिन प्रत्येक बृहस्पतिवार विशेष कार्यशाला लगेगी। इसमें वाराणसी मंडल के चार जिलों (वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर) के युवाओं को चरणबद्ध तरीके से आमंत्रित कर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें बिजनेस प्रमोशन, ऑनलाइन सेल्स, सोशल मीडिया ब्रांडिंग और ग्राहक जुड़ाव के लिए एआई टूल्स का प्रयोग बताया जाएगा। बैंक लोन के लिए आवश्यक डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) स्वयं तैयार करने की बारीकियां बताई जाएंगी। उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त मोहन शर्मा ने बताया कि युवाओं को इस कार्यशाला में प्रोजेक्ट चयन से लेकर फंडिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उत्पाद बेचने तक की संपूर्ण हैंड-होल्डिंग सपोर्ट दी जाएगी।