वाराणसी। युवा महोत्सव के लिए 11 और 12 जनवरी को खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिता के लिए ऑन लाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्क्वैश, पतंगबाजी, रंगोली और चित्रकारी प्रतियोगिता हिस्सा लेने के लिए आवेदन मांगे गए। जबकि एथलेटिक्स, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो के लिए खिलाड़ियों को ऑफलाइन आवेदन करना होगा। फार्म सिगरा स्टेडियम कार्यालय में मिलेगा। वहीं, मलखंभ और गीत संगीत के के लिए मेरठ, प्रयागराज और झांसी से कलाकार शिरकत करेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग और बेसिक शिक्षा परिषद, वाराणसी के संयुक्त सहयोग से दो दिवसीय खेल महोत्सव 11 जनवरी से शुरू होंगे। जिसमें खेलकूद, गीत संगीत और कला प्रतियोगिता और प्रदर्शन होगा। जिसमें क्रीड़ा विभाग की ओर से एथलेटिक्स (शॉटपट और गोला प्रक्षेप, चार गुणा 100 मीटर और चार गुना 400 मीटर रीले दौड़), ताइक्वांडो और टेबल टेनिस प्रतियोगिता होगी। जिसमें हिस्सा लेने के लिए सिगरा स्टेडियम से आवेदन मिलेगा। जबकि स्क्वैश, पतंगबाजी, रंगोली और चित्रकारी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए basicshikshaparisadvaranasi.in/yuva-mahotsav-2022/ पर आवेदन किया जा सकेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने बताया सभी काशीवासी लिंक पर प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण करा सकते हैं।