वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में कोचिंग करने वाली एक छात्रा ने दो युवकों पर छेड़छाड़, अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जौनपुर निवासी छात्रा के अनुसार, हर्ष साहू ने कोचिंग के बहाने उससे संपर्क किया। बातचीत शुरू की और बाद में विभिन्न मोबाइल नंबरों से संपर्क करने का प्रयास किया। छात्रा ने युवक से बातचीत करने से मना किया तो वह नाराज हो गया। हर्ष ने अश्लील हरकतें कीं और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि बाद में हर्ष साहू अपने भाई भास्कर साहू के साथ थार से आया। रास्ते में छात्रा को रोककर अभद्रता की। आरोपियों ने हाथ पकड़ा, अश्लील इशारे किए और खींचने का प्रयास किया। शोर मचाने पर छात्रा किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर छात्रावास पहुंची। युवकों ने उसे उठवाने और शिकायत पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो