वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर, गंगापुर परिसर, एनटीपीसी परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने का एक और मौका दिया गया है। सत्र 2024-25 के सभी वार्षिक स्नातक पाठ्यक्रमों व विश्वविद्यालय परिसर में डिप्लोमा पाठ्यक्रम का ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र विद्यार्थी 30 अप्रैल तक भर सकेंगे। उप कुलसचिव परीक्षा आनंद कुमार मौर्य ने बताया कि बीए, बीकॉम व बीएससी तृतीय वर्ष (भूतपूर्व), बीएफए, बीम्यूज, बीए ऑनर्स मास कॉम के परीक्षा आवेदन पत्र भरने और जमा करने की तिथि बढ़ाई गई है। 30 अप्रैल तक आवेदन करने के बाद सभी विद्यार्थी दो मई तक आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी अपने विभाग या महाविद्यालय में जमा कर सकते हैं। सत्र 2024-25 स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के सम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र के साथ ही बैक/अंक सुधार वालों के लिए भी 29 अप्रैल तक तिथि बढ़ा दी गई है। साथ ही विभाग या महाविद्यालय में आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी भी 30 अप्रैल तक जमा की जा सकेगी। परीक्षाएं पहले से घोषित समय सारिणी के अनुसार ही होंगी।