वाराणसी। आगामी 21 जून को योग दिवस को लेकर शासन प्रशासन के अलावा कई स्वयंसेवी संगठनों ने भी तैयारी कर ली है। गंगा घाट, पार्क और मंदिरों में एक साथ योग कराने की तैयारी की गई है। जिलाधिकारी एस राजलिंगम के अनुसार शहर भर में योग के कार्यक्रम 15 जून से शुरू होंगे। इसके लिए सभी विभागों को हिदायत दी गई है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एसएस राम ने बताया कि नमो घाट समेत सभी घाटों पर 15 से 21 तक योग चलेगा। बाबा विश्वनाथ धाम में 21 को समापन होगा। इसी क्रम में बृहस्पवितार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में मुख्य भवन के सामने कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने लोगों को योग की शपथ दिलाई। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 18 जून तक शपथ दिलाई जाएगी। आईआईटी बीएचयू में 21 जून तक चलने वाले योग शिविर के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। छात्र अधिष्ठाता प्रो. राजेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि 15 से 21 जून तक योग शिविर चलेगा। उधर, शहर के पार्कों में एक साथ लोग योग करते दिखेंगे। वीडीए की ओर से पार्कों में स्वयंसेवी संस्थाओं को योग करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इसके अलावा खेल विभाग की ओर से लालपुर स्टेडियम योग कराने की तैयारी की जा रही है। साथ ही संत रविदास, अस्सी घाट पर भी योग की कक्षा लगेगी। शहर के कई शैक्षणिक संस्थान, नमो घाट आदि पर भी योग कराए जाएंगे।