महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर सोमवार से निशुल्क योग स्वास्थ्य मेला एवं जन कल्याण शिविर शुरू हो गया। इसमें स्वास्थ्य एवं योग विषयक 10 काउंटर बनाए गए हैं। 16 जून तक चलने वाले मेले में आगंतुकों को योग, स्वास्थ्य संरक्षण, रोग-निवारण, संतुलित आहार व स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की जा रही है। उद्घाटन बीएचयू आयुर्वेद संकाय के प्रो. जेएस त्रिपाठी और कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने किया। प्रो. त्रिपाठी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है। नियमित योगाभ्यास न केवल रोगों से बचाव करता है, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास एवं मानसिक शांति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान कुलपति ने थाइरॉयड और बीपी की जांच कराई और काउंटरों का भ्रमण कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कुलसचिव डाॅ. सुनीता पांडेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, प्रो. नंदिनी सिंह, प्रो. निरंजन सहाय आदि मौजूद रहे।