दिल्ली और वृंदावन की तर्ज पर बनारस में भी यदुवंशी समाज के लिए धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। इसमें देशभर से काशी आने वाले यादव समाज के लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। इस धर्मशाला के निर्माण के लिए यादव समाज से एक-एक रुपये के सहयोग की अपील की गई है। इसकी घोषणा सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक के बाद हुई बैठक में की गई।अंतरराष्ट्रीय यदुनायक महासंघ के ट्रस्टी व अध्यक्ष ई. अशोक यादव ने बताया कि बनारस में जल्द ही सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। इसमें देशभर के यादव समाज के लोग एक-एक रुपये का सहयोग देंगे। महासंघ के कोषाध्यक्ष अशोक यादव को जमीन की तलाश करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रयास है कि शहर के अंदर ही इस धर्मशाला का निर्माण कराया जाए। अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि हर साल सावन के पहले सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए देशभर से यादव समाज के लोग शामिल होते हैं। महापौर अशोक तिवारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि अगली बार से सावन के पहले सोमवार को निकलने वाली जलाभिषेक यात्रा को और भव्य बनाया जाएगा। इसमें किसी तरह की बाध्यता नहीं होगी। इस दौरान अनिल यादव, जगदीश यादव, चरण सिंह यादव, भानुश्री मौजूद रहे।