कोईराजपुर गांव में वरुणा नदी किनारे स्थित स्मृति शेष लालता प्रसाद पहलवान व्यायामशाला योगाश्रम कुश्ती एकेडमी में रविवार को वाराणसी कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोरख यादव पहुंचे। उन्होंने अभ्यास कर रहे युवा पहलवानों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली। कहा कि सिर्फ नौकरी के लिए नहीं देश को पदक दिलाने के लक्ष्य के साथ खेल में उतरें युवा। गोरख यादव ने पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कुश्ती में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास और अनुशासन जरूरी है। मुकाबले में हार मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें सुधारना चाहिए। एकेडमी अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक राष्ट्रीय पहलवान लक्ष्मी नारायण और एनआईएस कोच राजेश यादव से उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था पर चर्चा की। इस दौरान गोपाल विश्वकर्मा, सुरेंद्र यादव, सुजीत पटेल, साजन, चंदन, विनय समेत कई पहलवान मौजूद रहे।