ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्राप्त प्रस्तावों में से 35 प्रस्तावों पर कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके माध्यम से 342 करोड़ के पूंजी निवेश तथा 2406 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
यह बात उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक में बताई। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में नाला एवं पानी निकासी के लिए कार्यदायी संस्था जल निगम नगरीय को मुख्य विकास अधिकारी ने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को समस्या दूर करने के लिए कहा। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर का नगर पालिका परिषद मऊ की सीमा में स्थानांतरण की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक को कार्य पूरा होने पर शीघ्र स्थानांतरण की कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया।
एनएच-29 पर बढुआगोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण पश्चिम की तरफ साइफन बनाने के कारण जलभराव की समस्या के मद्देनजर मुख्य विकास अधिकारी ने रास्ते में पड़ने वाले पेट्रोल पंप को नोटिस देने की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए समस्या के समाधान के लिए निर्देश दिया। ताजोपुर में नालों की सफाई के भी निर्देश दिए। कारखानों के नक्शा को प्रमाणित करने के लिए जनपद में अप्रूव्ड इंजीनियर की तैनाती न होने पर शासन से पत्राचार करने का निर्देश दिया।
उद्योग बंधु के सदस्यों द्वारा श्रमिकों के इलाज के लिए बेहतर सुविधा न होने पर ईएसआई का फातिमा या किसी अन्य हॉस्पिटल से संबद्धता कराने की मांग को देखते हुए उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी दद्दन कुमार,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं उद्योग बंधु के सदस्य उपस्थित रहे।