विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को चार मुकाबले खेले गए। इसमें हेमचंद यादव विवि, रांची विवि और संत गहिरा गुरु विवि और बीएचयू की टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीत अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। बीएचयू की टीम अब तक दो मैच खेली और दोनों मुकाबले जीतकर शीर्ष पर है। पहला मैच बीएचयू ने 10 गोल के अंतर से जीता था। विवि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा ने बताया कि दिन के पहले मैच में हेमचंद यादव विवि ने बहरामपुर विवि को 6-0 गोल से हराया। रांची विवि ने कोलकाता विवि को 4-0 गोल से पराजित किया। संत गहिरा गुरु विवि ने गुरु घासीदास विवि को 5-1 गोल से हराया। इसके बाद, रांची विवि ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि को 8-0 गोल से हराया। अंतिम मुकाबले में बीएचयू की टीम ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय को 5-2 गोल से पराजित किया।