तमिलनाडु से काशी तमिल संगमम में शामिल होने के लिए छठवां दल काशी पहुंच गया है। छठे दल में महिलाएं शामिल हैं। जब यह दल बनारस रेलवे स्टेशन पर विशेष ट्रेन से उतरा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। काशी की धरती पर कदम रखते ही महिलाओं का दल भावुक हो उठा। शुक्रवार को बनारस स्टेशन पर पारंपरिक स्वागत देखकर तमिल दल के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। डमरू वादन की ध्वनि से पूरा परिसर शिवमय हो गया और काशी व तमिलनाडु की सांस्कृतिक एकता की झलक साफ दिखाई दी। दल में शामिल लक्ष्मी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि हमारा शुरू से सपना था कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन करें, आज काशी पहुंचकर बड़ी खुशी हो रही है। वह अन्य महिलाओं के साथ दक्षिण भारतीय भाषा में भजन गाती हुई दिखाई दीं।