मिशन शक्ति विशेष अभियान के तहत जनपद में शुक्रवार को व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन क्षेत्र के साथ समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के तहत लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान एंटी रोमियो टीमों की ओर से पार्कों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, मॉल्स एवं चिन्हित हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में चेकिंग की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।वहीं, महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बीसी सखी, लेखपाल, एएनएम, आशा वर्कर, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं रोजगार सेवकों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम, वार्ड एवं न्याय पंचायत स्तर पर चौपाल लगाई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति केन्द्रों, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, सरकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों व साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन व पर्यवेक्षण अधिकारी आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में अभियान संचालित किया गया। सीओ सदर आस्था जायसवाल ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।