गाजीपुर/ भीमापार। शहर कोतवाली के आरटीआई मैदान में सोमवार को आयोजित सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा से घर जाने के लिए बस में बैठी महिला की पानी पीने के बाद मौत हो गई। भीषण गर्मी व उमस से अचेत हो गई थी। शव घर पहुंचते ही परिजनों के रोने- बिलखने से चीख- पुकार मच गई। ग्रामीण बिलख रहे परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे। सादात थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव निवासी रीता देवी (45) जेठानी परमिशा देवी और गांव के अन्य लोगों के साथ बस से आरटीआई मैदान में आयोजित जनसभा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भाषण सुनने पहुंची थीं। ग्रामीणों ने बताया कि जनसभा में भीषण गर्मी से रीता की तबीयत बिगड़ गई और वो जनसभा स्थल पर ही अचेत होकर गिर गई। रैली खत्म होने के बाद अन्य लोग उसे बस में लेकर आए। वहां पानी पिलाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह फिर अचेत हो गई। उसे उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीण शव लेकर घर चले गए। इधर मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां का शव देख पुत्री आरती और पुत्र अजय,विजय के रोने- बिलखने लगे। इससे वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना की जानकारी होते ही मृतका के पति सुभाष यादव गुजरात के अहमदाबाद से घर के लिए रवाना हो गए। वह वहां किसी प्राइवेट कंपनी में काम करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। मखदुमपुर गांव के ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि मुजीब अहमद ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम से मना कर दिया है। मृतका के पति के आने के बाद शव का अंतिम संस्कार होगा।