वाराणसी। रोहनिया के हरदत्तपुर स्थित गजानन होलसेल बाजार से तगादा की रकम 30 लाख रुपये नकदी और कंपनी की बाइक लेकर कर्मचारी राकेश मौर्या भाग गया। होलसेल बाजार के मैनेजर ने शुक्रवार को आरोपी कर्मचारी के खिलाफ रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। हरदत्तपुर निवासी और गजानन होलसेल बाजार के मैनेजर जय प्रकाश केशरी ने पुलिस को बताया कि जंसा थाना क्षेत्र के गोराई निवासी राकेश कुमार मौर्या कंपनी में कर्मचारी था। 23 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक उसने दुकान का तगादा किया और व्यापारियों को माल दिलाया। इसी दौरान वह लगभग 30 लाख रुपये लेकर कंपनी के किसी सदस्य को बिना बताए भाग निकला। आरोपी कंपनी की बाइक भी लेकर फरार हो गया है। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी कर्मचारी की तलाश में पुलिस की एक टीम गठित की गई है। संवाद