ठंड में जहां पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है लेकिन इसके बावजूद भी लोग वाराणसी के गंगा घाट पर स्नान करते दिखे। नववर्ष मनाने के लिए बनारस पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने रविवार को मां गंगा में आस्था की डुबकी लगायी। गंगा स्नान के बाद भक्तों ने काशी विश्वनाथ से लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में जाकर मत्था टेका। ठिठुरन भरी ठंड की भी भक्तों को परवाह नहीं रही।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के कारण आराम से सभी ने गंगा स्नान किया। मीडिया से बाचतीच में एक श्रद्धालु ने कहा- काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का नया निर्माण और नववर्ष में मां गंगा नदी में स्नान, अगर यह सब एक साथ प्राप्त हो रहा तो ठंड इतना महत्व नहीं रखती, वह तो आती जाती रहेगी।
भीषण सर्दी और कोहरे में भी रविवार सुबह से काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार दिखी। शनिवार को साल के पहले दिन भक्तों का रेला उमड़ा था। सुबह से देर रात तक भक्तों की अटूट कतार लगी रही और शयन आरती तक बाबा के दरबार में पांच लाख से अधिक भक्तों ने शीश नवाया।