वाराणसी में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद गुरुवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। सुबह करीब 7 बजे के बाद हवा के साथ शुरू हुई बारिश से नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। शहर में जगह-जगह जल भराव होने से लोगो को आवागमन में भी असुविधा हुई।
उधर बीएचयू अस्पताल परिसर में भी बाल रोग विभाग से इमरजेंसी की ओर जाने वाली सड़क पर भी जल भराव हो गया। इस वजह से दूर दराज से ओपीडी में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा लहरतारा, मंडुवाडीह, लंका, फुलवरिया सहित अन्य इलाके भी जलमग्न हो गए। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मानसून की सक्रियता अभी बनी रहेगी। ऐसे में दो दिन तक ऐसे ही मौसम बने रहने के आसार है।