बीएचयू आयुर्वेद संकाय में पीजी डिप्लोमा कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाल रोग विभाग के तहत कोर्स के लिए अभ्यर्थी आठ दिसंबर की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।
बाल रोग विभाग में दो साल का पीजी डिप्लोमा कोर्स चलाया जाता है। इस बार अनारक्षित के लिए दो सीट जबकि ओबीसी संवर्ग में एक सीट पर दाखिले की प्रक्रिया होगी। विश्वविद्यालय की ओर से वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.बीएचयू.एसी.इन पर फार्म अपलोड किया जा चुका है। साथ ही कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया का पूरा विवरण भी दिया गया है। विभागाध्यक्ष की ओर से जो जानकारी अपलोड की गई है, उसमें 13 दिसंबर को काउंसिलिंग की जाएगी। 15 दिसंबर से सत्र की शुरुआत होगी। कोर्स की खासियत यह है कि किताबी ज्ञान के साथ ही अभ्यर्थियों को एनआईसीयू, पीकू सहित अन्य जगहों पर प्रैक्टिकल का मौका मिलेगा। अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया ऑल इंडिया आयुर्वेद पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट 2023 के माध्यम से होगी।