नगर निगम के सभागार में मंगलवार को नए साल के उपलक्ष्य में मेयर और पार्षदों के बीच संवाद हुआ। इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह ने शिक्षक की भूमिका निभाई और पार्षदों को टिप्स दिए। कहा कि अपने वार्ड के मानिंदों के घर जाएं। उनके सुख और दुख में शामिल हों। उनकी समस्याओं को दूर कराएं। जनता से जुड़े कार्य कराने में पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अपने क्षेत्र की समस्या को दूर कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजें। सदन में नगर निगम अधिनियम के तहत अपनी बातों को मजबूती से रखें। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शहर की मूलभूत सुविधाओं और आगामी योजनाओं पर पार्षदों से चर्चा की। साथ ही शहर के वार्डों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने पर बल दिया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विश्वास दिलाया कि नए वर्ष में जनसमस्याओं के निस्तारण और शहर के सुंदरीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी ने एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देने के साथ विकास कार्याें को तेजी से पूरा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर निगम प्रशासन की ओर से पार्षदों को नववर्ष की डायरी भेंट की गई।