बड़ा लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में शनिवार को खेलो इंडिया की महिला अस्मिता रग्बी लीग हुई। सीनियर महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में विकास इंटर कॉलेज ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को 5-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर लिया। विकास इंटर कॉलेज की खिलाड़ी कोमल गुप्ता और पायल यादव ने शानदार खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई। फाइनल तक पहुंचने के लिए विकास इंटर कॉलेज ने सेमीफाइनल में वाराणसी टाइटन को मात दी, जबकि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने वाराणसी ओल्ड क्लब को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। निर्णायक मैच में विकास इंटर कॉलेज ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया और प्रतिद्वंद्वी टीम को कोई मौका नहीं दिया। जूनियर वर्ग के फाइनल में लाल बहादुर शिक्षण संस्थान ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और विकास इंटर कॉलेज को 10-0 से शिकस्त देकर खिताब जीता। सेमीफाइनल में लाल बहादुर शिक्षण संस्थान ने यूथ क्लब को हराया था, जबकि विकास इंटर कॉलेज ने स्टार क्लब को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। समापन समारोह में जिला रग्बी संघ के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता रग्बी इंडिया के अमित डे ने की और संचालन कोच अवनीश पाल ने किया।