महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रावास खाली करने के लिए नोटिस जारी होने की सूचना पर छात्रों ने शुक्रवार को हंगामा किया। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर और चीफ वार्डेन के आश्वासन के बाद छात्रों का आक्रोश शांत हुआ। छात्रों का कहना था कि परीक्षाएं खत्म होने के बाद कक्षाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में छात्रावास आवंटन होना चाहिए। शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने 48 घंटे के अंदर हॉस्टल खाली करने का नोटिस जारी किया। नोटिस चस्पा होने के बाद छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी और पंत प्रशासनिक भवन पर हंगामा करने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने प्रशासनिक भवन का मुख्य द्वार बंद करने का प्रयास किया, लेकिन छात्र जबरदस्ती चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में घुस गए। छात्रों का कहना था कि नई व्यवस्था में छात्रावास का आवंटन किया जाना चाहिए। छात्रावास खाली कराने का कोई औचित्य नहीं है। चीफ वार्डेन अनुराग कुमार के आश्वासन के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ। प्रदर्शन व नारेबाजी करने वालों में सौरभ, शिवम तिवारी, प्रियांशु यादव, अभिषेक यादव, शिवजनक गुप्त शामिल रहे। चीफ प्रॉक्टर प्रो. निरंजन सहाय ने बताया कि जिन छात्रों की कक्षाएं शुरू हो गई हैं वह अपना आवेदन गृहपति को दे सकते हैं। जिनकी कक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं उन्हें 48 घंटे के अंदर छात्रावास खाली करना होगा।