वाराणसी। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय (एसवीडीवी) का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कार्यरत संकाय प्रमुख प्रो. कमलेश झा के साथ उनकी पत्नी भी उनके कार्यालय में बैठती हैं। वैसे तो वह लंबे समय से ऐसा कर रही हैं, लेकिन मामला तब बढ़ गया जब कुलपति ने 30 नवंबर को स्वतंत्रता भवन में एक मीटिंग बुलाई और संकाय प्रमुख की पत्नी वहां भी उनके साथ पहुंच गईं। इस मामले में न केवल कुलपति ने नाराजगी जताई है बल्कि उनके निर्देश पर एक दिसंबर को कुलसचिव ने प्रो. झा को पत्र जारी कर लिखित जवाब भी मांगा है।
विज्ञापन
इससे पहले उनके कार्यालय में बैठने और विभागीय कार्यों में हस्तक्षेप की शिकायत शोध छात्र अधोक्षज पांडेय ने 17 जून 2023 को कुलपति से की थी। बताया था कि महत्वपूर्ण समितियों की बैठक में भी प्रोफेसर की पत्नी शामिल होती हैं। इसकी प्रतिलिपि शिक्षा मंत्रालय, केंद्रीय सतर्कता आयुक्त, यूजीसी को भी भेजी थी। कुलसचिव ने जो स्पष्टीकरण मांगा है, उसमें 30 नवंबर की शाम 4 बजे स्वतंत्रता भवन में पत्नी के शामिल होने का जिक्र करने के साथ ही छात्रों की शिकायत का भी हवाला दिया है। पत्नी ने उठाया फोन, बोलीं रजिस्ट्रार व कुलपति से पूछिए कुलसचिव की ओर से एक दिसंबर को प्रो. कमलेश झा को स्पष्टीकरण का पत्र जारी होने के बाद जब उनका पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क किया गया तो उनकी पत्नी ने फोन उठाया। मामले से अवगत कराने पर बोलीं कि इस मामले में रजिस्ट्रार, कुलपति से पूछिए। इसके बाद जय विश्वनाथ बोलकर फोन काट दिया।