वाराणसी: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा
- फोटो : अमर उजाला
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बृहस्पवितार की शाम को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वागत किया। मंदिर न्यास के अध्यक्ष और ट्रस्टी ने उनको गुलदस्ता भेंट किया। उपराष्ट्रपति के आगमन के पश्चात मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे से उनका स्वागत किया गया।
गर्भगृह में पहुंच कर उपराष्ट्रपति ने षोडशोपचार पूजन कर बाबा से आशीर्वाद लिया। दर्शन पूजन के पश्चात मंदिर न्यास की ओर से उपराष्ट्रपति को अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और श्री काशी विश्वनाथ धाम की प्रतिकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण और उसके कार्य के पूर्ण होने के बारे में जानकारी दी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने दर्शनार्थियों के आगमन और उनकी संख्या सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मंदिर न्यास के अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय, वेंकटरमन घनपाठी, पं. दीपक मालवीय, प्रो. बृजभूषण ओझा ने न्यास और उसे संचालित होने वाली व्यवस्थाओं के बारे में उपराष्ट्रपति को अवगत कराया। दर्शन पूजन के बाद उपराष्ट्रपति अपने गंतव्य को रवाना हो गए।