छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया और पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से शनिवार को वरुणा संध्या का आयोजन हुआ। छावनी स्थित नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में बीएचयू संगीत विभाग की सहायक प्रोफेसर डाॅ. खिलेश्वरी पटेल ने अपनी शिष्याओं नेहा कुमारी व अदिति सिंह के साथ भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी।भरतनाट्यम की पहली प्रस्तुति कौतुवम् से आरंभ हुई जो भगवान गणेश को समर्पित एक पारंपरिक नृत्यरचना थी। द्वितीय प्रस्तुति में भगवान शिव पर आधारित कीर्तनम् प्रस्तुत किया गया। तृतीय प्रस्तुति चारुकेशी राग पर आधारित कीर्तनम की रही। चतुर्थ एवं अंतिम प्रस्तुति तिल्लाना की रही। प्रमाणपत्र मुख्य अतिथि डिप्टी कंट्रोलर माप बाट गुलाब सिंह व संस्था के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने प्रदान किया। संचालन अनिष्का पाठक एवं धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान राजन कुमार, युगल किशोर कुशवाहा, अजय पाठक, नंदलाल रहे।