डीआईजी रेंज के पर्यवेक्षण में चंदौली पुलिस ने मारी बाजी, रेंज में 26 इनामी को दबोचा गया
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। हत्या, डकैती, लूट और दुष्कर्म जैसे मामलों में वांछित 10 हजार से 50 हजार तक के इनामी 39 आरोपियों को वाराणसी जोन की पुलिस ने 33 दिन में गिरफ्तार किया। कोर्ट के माध्यम से उन्हें जेल की सलाखों में भिजवाया। चंदौली पुलिस ने अन्य आठ जिलों की अपेक्षा 17 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। सर्वाधिक इनामी चंदौली पुलिस ने गिरफ्तार किए। डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण के पर्यवेक्षण में 26 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोरा ने बताया कि की 29 जुलाई से 31 अगस्त तक शिकंजा अभियान चलाया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 10 पर 50000 रुपये का इनाम घोषित था। 26 अपराधियों पर 25000 रुपये का इनाम था। एक अपराधी पर 20000 का इनाम घोषित था। दो अन्य पर 10000 का इनाम रखा गया था। गाजीपुर में पांच इनामी अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़े। जौनपुर और सोनभद्र जिलों से चार-चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। मिर्जापुर, भदोही और आजमगढ़ जिलों से तीन-तीन अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। पशु-तस्करी और अवैध शराब तस्करी जैसे मामलों में वांछित अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में आए। अपराधियों की गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों को सुलझाने में मदद मिलेगी। डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण और चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।