इन दिनों मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। फरवरी के पहले पखवारे में ही दिन में भी गर्मी का अहसास होने लगा है, जबकि रात का मौसम सर्द है। मौसम में समय से पहले बदलाव बीमारियों को दावत देने वाला है। ऐसे में जरा सी चूक आप की सेहत के लिए भारी पड़ सकती है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिला अस्पताल में इन दिनों औसतन साढ़े चार सौ से पांच सौ मरीज रोजाना उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं जिले के विभिन्न सीएचसी-पीएचसी, हेल्थवेलनेश सेंटरों पर भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। बदलते मौसम में सर्दी, जुकाम, बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द, आंखों में जलन, पेट दर्द की समस्या बढ़ी है। इन्हीं बीमारियों के मरीज अधिक आ रहे हैं। खासतौर पर ऐसे लोग जिनकी इम्यूनिटी कमजोर है, वे बीमारी की चपेट में जल्दी आ रहे हैं। ऐसे में जरूरत है बदलते मौसम में खुद को बीमारियों से बचाकर सतर्कता बरती जाए।