जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को फाइनल वाराणसी स्पोर्टिंग क्लब और इंपीरियल क्लब के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी स्पोर्टिंग क्लब की टीम ने इंपीरियल क्लब को 12-11 गोल से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
परमानंदपुर के आरएन सिंह स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में हुई प्रतियोगिता में वाराणसी स्पोर्टिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा यादव और प्रीति यादव की जोड़ी ने आक्रामक शुरुआत की। इंपीरियल क्लब की राष्ट्रीय खिलाड़ी नैना यादव व सुमन की जोड़ी ने काउंटर अटैक किया। हाफ टाइम तक वाराणसी स्पोर्टिंग क्लब का स्कोर 6-5 रहा। एक गोल से पिछड़ी इंपीरियल क्लब ने तेज खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी वाराणसी स्पोर्टिंग क्लब ने फाइनल 12-11 से जीत लिया। खिलाड़ियों को यूपी एडवेंचर क्लब की अध्यक्ष डॉ आशा सिंह ने पदक देकर सम्मानित किया। प्रीति यादव को बेस्ट स्कोरर और उषा प्रजापति को बेस्ट गोलकीपर घोषित किया गया। जिला हैंडबॉल संघ के सचिव शम्स तबरेज शंपू, वंदना, सीमा मौर्य मौजूद रहीं।